Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 13 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, तमंचा और चोरी की नकदी बरामद

मथुरा के थाना सुरीर पुलिस ने मंदिर में दानपात्र तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 1,017 रुपये, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानवेन्द्र उर्फ बड्डू (24 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र निवासी कराहरी, थाना सुरीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भदनवारा से करीब 500 मीटर दूर ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की सुबह सुरीर क्षेत्र के एक मंदिर में दानपात्र का ताला तोड़कर चढ़ावे की नकदी चोरी कर ली गई थी। मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह मंदिर की सफाई के बाद जब उनकी पत्नी पूजा के लिए पहुंचीं तो दानपात्र का ताला टूटा मिला। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक युवक काली टी-शर्ट, काली हाफ पैंट और पीला अंगोछा पहने मंदिर में घुसता दिखाई दिया। पहले उसने दानपात्र तोड़ने की कोशिश की, फिर बाहर जाकर औजार लाया और ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम भी बरामद कर ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस मिलने पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को थाना प्रभारी अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 
Previous News

ब्रेकिंग: मथुरा नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान का तबादला, हापुड़ की बनीं उप जिलाधिकारी

Next News

मथुरा नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी का तबादला, रामपुर में बने उप जिलाधिकारी