मेरठ की छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग के बीच नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मेरठ पहुंचकर आंदोलन को धार देने की तैयारी में हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
चंद्रशेखर आजाद के मेरठ दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। दूसरी ओर, अखिलेश यादव की सक्रियता को भी आगामी चुनावों से पहले दलित वोट बैंक को लेकर अहम राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर पहले भी मेरठ में प्रदर्शन और पुलिस के साथ झड़प हो चुकी है। अब इस मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है, जिससे प्रदेश की सियासत और गर्म होने के संकेत मिल रहे हैं।