घटना थाना जैत क्षेत्र के गांव राल की है, जहां दुकान के कब्जे को लेकर पालेन्द्र और छैलबिहारी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। भूमि पैमाइश से पहले ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान छैलबिहारी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से राहगीरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस लाइसेंसी राइफल की भी जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।