Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 11 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन परिक्रमा कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

मथुरा। वृंदावन की पावन परिक्रमा कर लौट रहे हाथरस निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अटल्ला चुंगी के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक ने उसकी विक्की (ई-रिक्शा) में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में विक्की पर सवार एक महिला को मामूली चोटें आई हैं।

मृतक की पहचान रेशम सिंह पुत्र बनवारी लाल, निवासी गांव करिल जटोई, थाना मुरसान, जिला हाथरस के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर चालक था और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

मृतक के पिता बनवारी लाल ने बताया कि रेशम सिंह वृंदावन की परिक्रमा करने के बाद गौरी गोपाल आश्रम की ओर से लौट रहा था। अटल्ला चुंगी के पास सड़क पार करते समय मथुरा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने विक्की में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रेशम सिंह अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और परिजनों को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है तथा बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

 
Previous News

मथुरा पहुंची उत्तर प्रदेश विकास यात्रा का भव्य स्वागत, विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश

Next News

ब्रेकिंग न्यूज़: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी और पुत्र गंभीर घायल