Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 11 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ब्रेकिंग न्यूज़: गाजियाबाद: ट्रांसफॉर्मर के पास खेल रहे 8 साल के बच्चे की करंट लगने से दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की इकबाल कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर के पास खेल रहे 8 वर्षीय अयान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह शहर में 24 घंटे के भीतर करंट से मौत का दूसरा मामला है, जिसने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अयान घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह ट्रांसफॉर्मर और बिजली के खंभे के आसपास फैले करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के पिता ने टीला मोड़ थाने में शिकायत देकर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उनका आरोप है कि इलाके में लंबे समय से ट्रांसफॉर्मर और खंभों में करंट उतरने की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी करंट लगने से कई पशुओं की मौत हो चुकी है, लेकिन अधिकारियों ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया। अब पूरे इलाके के ट्रांसफॉर्मरों, बिजली के खंभों और लाइनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग उठ रही है।

इससे एक दिन पहले गाजियाबाद के इंदिरापुरम में जलभराव के दौरान ट्रांसफॉर्मर के पास करंट फैलने से एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने मानसून के दौरान बिजली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous News

ब्रेकिंग न्यूज़: आगरा में ट्रॉला ने बाइक सवार दंपति को रौंदा:बाइक को 50 मीटर तक घसीटा, पति-पत्नी की मौत; हाईवे पर लगा जाम

Next News

दिल्ली में 70 लाख की ड्रग्स के साथ महिला गिरफ्तार, कॉलेज छात्रों तक करती थी सप्लाई