Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 11 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दतिया में BJP में बगावत! नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटते ही NH-44 पर बवाल, पथराव में SP समेत कई पुलिसकर्मी

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने से नाराज उनके हजारों समर्थक सड़क पर उतर आए और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम से शुरू हुए प्रदर्शन में करीब 3,000 लोग शामिल थे। प्रशासन द्वारा समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने। शनिवार तड़के पुलिस पर अचानक पथराव हुआ, जिसमें दतिया के SP मयूर खंडेलवाल, एडिशनल SP सहित 6 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

प्रदर्शन के कारण NH-44 पर करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे दतिया के अलावा आसपास के जिलों की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई बसें, ट्रक और एंबुलेंस घंटों तक फंसी रहीं। प्रशासन ने बाद में बल प्रयोग कर मार्ग को खाली कराया और कई लोगों को हिरासत में लिया।

बीजेपी ने दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद थी और उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों में भारी नाराजगी फैल गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

घटनाक्रम के बीच नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने और सड़क जाम या हिंसक प्रदर्शन न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार तय करना पार्टी का निर्णय है और असहमति पार्टी के मंच पर ही रखी जानी चाहिए।

Previous News

दुकान विवाद में पथराव के बाद लाइसेंसी राइफल से फायरिंग, गांव में मचा हड़कंप

Next News

ब्रेकिंग न्यूज़: डांस क्लास गई छात्रा का अपहरण, घर पहुंचा 50 लाख की फिरौती का धमकी भरा पत्र