देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 जुलाई तक बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, नैनीताल सहित कई जिलों में अत्यधिक वर्षा, भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका है। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को 24 घंटे सतर्क रहने और राहत-बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी बारिश को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे उत्तराखंड के लिए बेहद संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।