मथुरा। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत थाना महावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 532 ग्राम अवैध गांजा तथा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹18,970 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात करीब 12:04 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के मदनपुर पुल से जगदीशपुर की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान राजू उर्फ डेसू (27 वर्ष), पुत्र बिजेंद्र, निवासी गांव कारव, थाना महावन के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके पास से 1.532 किलोग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त ₹18,970 बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना महावन में मु0अ0सं0-189/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित मारपीट, महिला से संबंधित अपराध और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किन लोगों को मादक पदार्थ की सप्लाई करता था और उसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा के नेतृत्व में थाना महावन पुलिस टीम ने की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।