Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 08 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा! फर्जी ट्रस्ट रसीदें छापकर श्रद्धालुओं से भी वसूले जाते थे पैसे

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। जांच एजेंसियों को आरोपियों की निशानदेही पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नाम से छपवाई गई फर्जी चंदा रसीद बुक बरामद हुई है। शुरुआती जांच में आरोप है कि इन फर्जी रसीदों के जरिए श्रद्धालुओं से दान के नाम पर धनराशि वसूली जाती थी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी केवल मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी तक सीमित नहीं थे, बल्कि फर्जी रसीद काटकर श्रद्धालुओं से चंदा भी वसूलते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे ट्रस्ट के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतते थे और उन्हें असली रसीद होने का भरोसा दिलाकर पैसे लेते थे।

सूत्रों के अनुसार, बरामद फर्जी रसीदों पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का नाम और लोगो भी छपा हुआ था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तरीके से कितने श्रद्धालुओं से धनराशि वसूली गई और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

उधर, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में सुरक्षा व्यवस्था और दान प्रबंधन से जुड़े कई अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि यह मामला पहले से ही देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब फर्जी रसीदों के जरिए श्रद्धालुओं से कथित वसूली का खुलासा होने के बाद जांच का दायरा और व्यापक हो गया है। फिलहाल पुलिस और एसआईटी पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

Previous News

बाल मजदूरी कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, मथुरा में 31 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान

Next News

मथुरा में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, डीबीटी वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन