मथुरा। वार्ड संख्या-3 स्थित तुलसीवन कॉलोनी की जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को कॉलोनीवासी नगर निगम के संभव दिवस में पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग की। इस पर नगर निगम प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
कॉलोनीवासियों ने अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को बताया कि तुलसीवन कॉलोनी एमवीडीए (MVDA) से स्वीकृत है, नगर निगम क्षेत्र में आती है और यहां के निवासी नियमित रूप से नगर निगम का कर भी जमा करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से सड़क बदहाल है और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण और जल निकासी की समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
वहीं कॉलोनीवासियों ने स्थानीय पार्षद दिनेश चंद्र पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पार्षद कभी कॉलोनी का निरीक्षण करने नहीं आए। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पार्षद ने उनसे कहा कि "इस कॉलोनी से हमें वोट नहीं मिलता, तो सड़क क्यों बनवाएं।"
हालांकि, इस आरोप पर पार्षद दिनेश चंद्र का पक्ष सामने नहीं आया है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण और जल निकासी संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।