Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 06 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यूपी में खुलेंगे 3 नए निजी विश्वविद्यालय - योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को 5-कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने प्रदेश में तीन नए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की, जिससे उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता को नई गति मिलेगी।

लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 के तहत मूल्यांकन के बाद तीन संस्थाओं को आशय पत्र (LOP) जारी करने तथा संचालन प्राधिकार-पत्र देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाना है।

मंजूर किए गए विश्वविद्यालयों में स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट, दिल्ली द्वारा कानपुर नगर के बिल्हौर क्षेत्र में लगभग 51.739 एकड़ भूमि पर कृषि विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। वहीं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग सोसाइटी, गाजियाबाद द्वारा डासना में 26.2656 एकड़ भूमि पर नया विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। इसके अलावा एंग्लो संस्कृत कॉलेज, फतेहपुर द्वारा 20.45 एकड़ भूमि पर फतेहपुर में निजी विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में 14 सरकारी और 27 निजी विश्वविद्यालय थे। योगी सरकार के कार्यकाल में 8 नए सरकारी विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं और इन तीन नए विश्वविद्यालयों के शुरू होने के बाद प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर 56 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के खुलने से युवाओं को प्रदेश में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, शोध और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का लाभ मिलेगा।

Previous News

पानी भरने जा रही महिला पर जानलेवा हमला! दबंग पड़ोसियों पर गंभीर आरोप

Next News

यमुना स्नान के दौरान बिहार के युवक की डूबने से मौत, दो साथियों को नाविकों ने बचाया