Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 04 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा के एएसपी (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत बने आईपीएस, पुलिस लाइन में हुआ सम्मान समारोह

मथुरा पुलिस के लिए गर्व का क्षण उस समय बना, जब अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत का पीपीएस कैडर से भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस कैडर में पदोन्नयन हुआ। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन स्थित विमर्श सभागार में भव्य 'पिपिंग सेरेमनी' का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में सुरेश चंद्र रावत के कंधों पर आईपीएस बैज लगाकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि सुरेश चंद्र रावत ने अपने पूरे सेवा काल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी में भी वह इसी समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर नवप्रोन्नत आईपीएस अधिकारी को बधाई दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे मथुरा पुलिस परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक जीवन की कामना की।

सुरेश चंद्र रावत की आईपीएस कैडर में पदोन्नति को उनके समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान माना जा रहा है। यह उपलब्धि पुलिस सेवा में कार्यरत युवा अधिकारियों और कर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Previous News

यमुना एक्सप्रेसवे पर कुत्ते से टकराई बाइक, चालक गंभीर घायल

Next News

भतीजी की शादी में खून! अवैध संबंधों के शक में चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या, मंडप से ही दबोचा गया आरोपी