Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 04 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नगर आयुक्त और महापौर संग व्यापारियों की बैठक संपन्न, शहर की समस्याओं पर हुई चर्चा

मथुरा-वृंदावन नगर निगम के भूतेश्वर स्थित जोनल कार्यालय में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने मानसून की पहली बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव, जल निकासी और अन्य अव्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान शहर के कई प्रमुख बाजारों और मार्गों पर पानी भरने से व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने मांग की कि नगर निगम तत्काल प्रभाव से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए।

इसके अलावा व्यापारियों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की। उनका कहना था कि अधूरे निर्माण कार्यों के कारण रोजाना यातायात बाधित हो रहा है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। विशेष रूप से भूतेश्वर अंडरपास निर्माण की धीमी गति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कार्य कछुआ चाल से चल रहा है, जिससे पूरे शहर का यातायात प्रभावित हो रहा है और व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। व्यापारियों ने अंडरपास का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने की मांग की।

बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव, सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर तेजी से कार्रवाई की जाएगी तथा शहर में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा।

Previous News

मथुरा को जलभराव से मिलेगी राहत, नगर आयुक्त जग प्रवेश ने सड़क पर उतरकर संभाली कमान

Next News

जलभराव से परेशान छात्र-छात्राएं, वर्षों से तालाब बनी सड़क से स्कूल जाने को मजबूर