मथुरा के मांटमूला क्षेत्र में बच्चों के बीच पतंग उड़ाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पीड़ित मुस्लिम परिवार का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते दबंगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। अब पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना 1 जुलाई की है। आरोप है कि छत पर पतंग उड़ा रहे मासूम असद के साथ पड़ोसी पवन ने बेरहमी से मारपीट की। जब परिवार शिकायत करने पहुंचा तो आरोपियों ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पूरे परिवार के साथ मारपीट की।
परिवार का आरोप है कि अगले दिन 2 जुलाई की रात एक हिस्ट्रीशीटर अपने दर्जनों साथियों के साथ पहुंचा और सुलेमान तथा अलीहसन पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए चांद को भी बुरी तरह पीटा गया।
घायलों का उपचार कराया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि पुलिस पहली शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। अब परिवार ने एसएसपी से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।