मथुरा के गोवर्धन में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। एकता चौराहा स्थित माली मोहल्ला क्षेत्र में सब्जी विक्रेता और एक युवक के बीच हुए विवाद के बाद पथराव हो गया, जिसमें दुकानदार घायल हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
गोवर्धन के एकता चौराहा स्थित माली मोहल्ला क्षेत्र में देर शाम एक सब्जी विक्रेता रोज की तरह अपनी दुकान लगाए हुए था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में युवक ने दुकान पर रखी सब्जियां सड़क पर फेंक दीं। जब दुकानदार और उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि युवक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और दुकानदार पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और आसपास के दुकानदारों व ग्राहकों में दहशत फैल गई।
पथराव में सब्जी विक्रेता के हाथ में गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही थाना गोवर्धन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी