कान्हा की नगरी मथुरा में जमीन हड़पने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अविवाहित मृतक का फर्जी बेटा बनाकर उसकी कीमती जमीन का बैनामा करा लिया गया। मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई है, जिसके बाद जांच की मांग उठी है।
पीड़ित जयपाल शुक्रवार को अपने बेटे के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। जयपाल का आरोप है कि उनके भाई नेता अविवाहित थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपनी मृत्यु से पहले अपनी जमीन का इकरारनामा उनके नाम कर दिया था।
आरोप है कि भाई की मृत्यु के बाद कुछ लोगों ने कीमती जमीन हड़पने की साजिश रची। इसके तहत बलदेव क्षेत्र के गांव ओंगई निवासी सुरजीत को मृतक का बेटा दर्शाया गया। पीड़ित का दावा है कि इसके लिए सुरजीत का फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और उसी के आधार पर जमीन का बैनामा करा लिया गया। उनका कहना है कि मतदाता सूची में सुरजीत, ओंगई निवासी बालकदास का पुत्र दर्ज है।
जयपाल ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस कथित फर्जीवाड़े का विरोध किया तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।