मथुरा की थाना जैत पुलिस ने ग्राइंडर ऐप के माध्यम से लोगों को सुनसान इलाके में बुलाकर लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले सात सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए 10 मोबाइल फोन, 51 हजार 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर धौरेरा के जंगल में कार्रवाई करते हुए गिरोह के सातों सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ग्राइंडर ऐप के जरिए युवकों से संपर्क करते थे और उन्हें मिलने के बहाने सुनसान जंगल में बुलाते थे। वहां पहुंचने पर सभी आरोपी मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट करते, उसका मोबाइल और नकदी लूट लेते थे।
इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ितों से मोबाइल का पासवर्ड पूछकर उनके बैंकिंग और पेमेंट ऐप के माध्यम से रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़ितों की अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें डराते-धमकाते भी थे, ताकि कोई पुलिस में शिकायत न करे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 10 लूटे गए मोबाइल फोन, 51,500 रुपये नकद तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।