Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 02 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
रेलवे पुल निर्माण से रोडवेज को बड़ा झटका, प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये का हो रहा नुकसान

मथुरा। मथुरा में नए बस स्टैंड के पास रेलवे पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते नया बस स्टैंड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और मथुरा डिपो की सभी रोडवेज बसों का संचालन फिलहाल माल गोदाम रोड से किया जा रहा है। इस बदलाव से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रोडवेज विभाग को भी प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये तक का राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है।

रोडवेज के केंद्र प्रभारी जयप्रकाश शुक्ला ने बताया कि रेलवे पुल निर्माण के कारण बसों का संचालन अस्थायी रूप से माल गोदाम रोड से किया जा रहा है। लेकिन कई यात्री इस बदलाव से अनजान हैं, जिसका फायदा उठाकर कुछ ऑटो और टेंपो चालक उन्हें गुमराह कर अन्य स्थानों पर ले जा रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में यात्री रोडवेज बसों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि माल गोदाम रोड से प्राइवेट डग्गेमार वाहन भी संचालित हो रहे हैं, जिससे रोडवेज की आय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। यात्रियों के रोडवेज बसों के बजाय निजी वाहनों का उपयोग करने से विभाग को प्रतिदिन चार से पांच लाख रुपये तक का नुकसान हो रहा है।

रोडवेज अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे बसों के संचालन स्थल की सही जानकारी लेकर ही यात्रा करें और अधिकृत रोडवेज बसों का ही उपयोग करें। वहीं विभाग को उम्मीद है कि रेलवे पुल का निर्माण पूरा होने के बाद नया बस स्टैंड फिर से संचालित होगा और यात्रियों को होने वाली असुविधा तथा राजस्व नुकसान दोनों में कमी आएगी।

Previous News

उमस भरी गर्मी से बढ़ रहे पेट के रोग, जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ी भीड़

Next News

आगरा: चलती कार बनी आग का गोला, कार में रखे ₹6 लाख भी जलकर राख