मथुरा। भीषण गर्मी और उमस के बीच मथुरा में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के आकाशवाणी क्षेत्र में करीब 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं होने से पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे, वहीं पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। पूरी रात लोग बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बुधवार शाम तक भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया।
बिजली विभाग के अनुसार, अंडरग्राउंड लाइन में तकनीकी खराबी, हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट तथा विभिन्न फीडरों पर ब्रेकडाउन के कारण आपूर्ति बाधित हुई। कई इलाकों में मरम्मत कार्य चलने की वजह से भी लंबे समय तक बिजली बंद रही।
बिजली संकट का असर शहर के कई इलाकों में देखने को मिला। पुष्पांजलि फीडर, बालाजीपुरम, गोपालपुरा, कृष्ण विहार, राज ग्रीन कॉलोनी, संगम सिटी, कमल कुंज, डैंपीयर नगर, चौक बाजार, बिरला मंदिर क्षेत्र सहित अनेक कॉलोनियों में घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि तकनीकी खराबियों को दूर कर आपूर्ति को जल्द पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।