Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 01 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
संभव अभियान 2026 का शुभारंभ, कुपोषण मुक्त मथुरा बनाने को निकली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की जागरूकता रैली

मथुरा। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के बेहतर पोषण एवं कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य के साथ 'संभव अभियान-2026' का शुभारंभ मंगलवार को मथुरा में किया गया। इस अवसर पर राजीव भवन से बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, मुख्य सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

इस वर्ष संभव अभियान-2026 की मुख्य थीम "गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा" रखी गई है। यह अभियान जुलाई से सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक माह अलग-अलग विषयों पर विशेष फोकस किया जाएगा।

  • जुलाई – मातृत्व पोषण
  • अगस्त – छह माह से कम आयु के शिशुओं की देखभाल
  • सितंबर – ऊपरी आहार प्रोत्साहन एवं राष्ट्रीय पोषण माह

अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं, कम वजन वाले नवजात शिशुओं तथा गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण, गृह भ्रमण, पोषण संबंधी परामर्श तथा आवश्यकता पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्र में रेफर करने की कार्रवाई की जाएगी।

बाल विकास विभाग के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग और पंचायतीराज विभाग भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। तीनों विभागों के समन्वित प्रयास से गर्भवती महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या को कम करने तथा लोगों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कुपोषण का उपचार नहीं, बल्कि जन-जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ मातृत्व और स्वस्थ बचपन की मजबूत नींव रखना है।

Previous News

ऑनलाइन बुकिंग कर चालक से लूटी थी अर्टिगा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

Next News

39 साल तक स्वास्थ्य विभाग की गाड़ी संभालने वाले राजेंद्र उपाध्याय को भावभीनी विदाई