Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 01 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; लूटी गई अर्टिगा और तमंचे बरामद

मथुरा। थाना मांट पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया। दोनों के कब्जे से लूटी गई अर्टिगा कार, दो अवैध तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मांट में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित आरोपी यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से कूपगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने राधारानी अंडरपास के पास घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करन पुत्र दीपक निवासी सुरीर (हाल निवासी वृंदावन) के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी अवनेश पुत्र बबलू, निवासी अलीगढ़, को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा थाना मांट क्षेत्र से लूटी गई अर्टिगा कार (एचआर-58 डी-9507) बरामद हुई। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी करन के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं अवनेश पर अपहरण, पॉक्सो, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।

Previous News

नैनीताल झील से मिला लापता होटल कर्मचारी का शव, तीन दिन पहले हुआ था गायब; इलाके में सनसनी

Next News

LIVE देखें - मथुरा में सियासी हलचल: नवीन पेड़े वाले ने भाजपा से की बड़ी मांग, विधानसभा टिकट पर ठोका दावा