उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में मंगलवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर के बाहर सो रहे एक परिवार को तेज रफ्तार गैस टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में पिता और मासूम बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि किशोर बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि एक गैस टैंकर घर के बाहर सो रहे लोगों के ऊपर चढ़ गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 50 वर्षीय कासिम और उनके 11 वर्षीय बेटे तौसीम को मृत घोषित कर दिया। वहीं 14 वर्षीय बेटी शिफा का अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने गैस टैंकर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।