Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 30 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
आगरा-राजस्थान तक फैला था लुटेरों का नेटवर्क! पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा गिरफ्तार

मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 1:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की वारदातों में शामिल बदमाश एसकेएस यूनिवर्सिटी के पास किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ में महोली निवासी मोहित के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी अजीत को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के कब्जे से लूटी गई दो मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा बस कंडक्टर से लूटी गई नकदी बरामद की गई है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने थाना मगोर्रा क्षेत्र में बाइक लूट और बस कंडक्टर से लूट की वारदात कबूल की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों का नेटवर्क मथुरा के अलावा आगरा और राजस्थान तक फैला हुआ था और वे कई लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस अब उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Previous News

कानपुर में 6 घंटे में दो एनकाउंटर, लूट और फायरिंग के 4 बदमाश गिरफ्तार

Next News

मथुरा पुलिस का 'ऑपरेशन दहन'! 14.86 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ किए नष्ट