बिहार के पश्चिम चंपारण (बेतिया) से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि 6 महीने की बच्ची के लगातार रोने से नाराज मां ने हंसिए से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद महिला ने उसी हथियार से खुद पर भी हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की।
घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़का गांव की है। बच्ची के पिता रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ में रहते हैं। घटना के समय घर में बच्ची, उसकी मां और दादी मौजूद थीं। दादी ने चीख-पुकार सुनकर कमरे में पहुंचकर किसी तरह महिला के हाथ से हंसिया छीना और आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दादी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर महिला को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है। हालांकि, अधिकारी स्पष्ट कर रहे हैं कि मेडिकल रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।