उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में शुक्रवार सुबह एक बार फिर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर स्थित आशा ज्योति केंद्र के प्रतीक्षालय की फॉल्स सीलिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिसके बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संबंधित हिस्से को खाली करा दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन, फायर विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है।
लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बाद अस्पतालों में फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।