मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित डकैती की वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। थाना फरह पुलिस और एंटी रिवार्डिड टीम की संयुक्त कार्रवाई में 6 शातिर बदमाशों को डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, जिंदा कारतूस, छुरे, कटर, सब्बल, लाठियां, टॉर्च, रस्सा और एक आयशर कैंटर भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 25 जून की रात करीब 12:20 बजे गढ़ी पचौरी गांव के पास गोवर्धन ड्रेन नाले के समीप घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी क्षेत्र में डकैती की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू, अलाउद्दीन, विजय सिंह, सुरेश, माताप्रसाद और शरीफ के रूप में हुई है। इनमें से कई आरोपी पहले भी हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और बिजली चोरी जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मथुरा पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।