Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 24 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
ब्रेकिंग न्यूज़: गंगा दशहरा पर मातम! यमुना स्नान के दौरान किशोर डूबा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गंगा दशहरा के पावन पर्व पर महावन क्षेत्र में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं, जब यमुना स्नान के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार थाना महावन क्षेत्र के टाटम्बरी घाट पर रविवार सुबह गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान नगला लोका निवासी अनिल कुमार (24), कन्हैया (21) और बल्देव क्षेत्र के गांव बरोली निवासी कान्हा (16) स्नान करने के लिए यमुना में उतरे थे।

स्नान के दौरान अनिल कुमार और कान्हा अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को संकट में देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद नाविक तत्काल बचाव कार्य में जुट गए। नाविकों ने अनिल कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन किशोर कान्हा यमुना की गहराइयों में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना महावन पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और पीएसी के गोताखोर मौके पर पहुंच गए। किशोर की तलाश के लिए यमुना में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

बताया गया है कि तीनों युवक टाटम्बरी आश्रम में रहकर गायों की सेवा और देखभाल का कार्य करते थे। मृतक कान्हा के पिता दिव्यांग हैं और वह अपने परिवार में सबसे छोटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है, ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मौके पर उपजिलाधिकारी महावन उषा सिंह, क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय, क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी, थाना निरीक्षक चेतराम शर्मा सहित कई अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नदी में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Previous News

पत्नी के सपनों के लिए बना लुटेरा! 10.70 लाख की फर्जी लूट रचने वाला सेल्समैन पत्नी समेत गिरफ्तार

Next News

संस्कृति विश्वविद्यालय के डीन डॉ. डीएस तोमर बने निजी विश्वविद्यालय प्रांतीय संयोजक