Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 24 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नंदगांव रोड फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत

मथुरा के कोसीकलां स्थित नंदगांव रोड फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार बरसाना थाना क्षेत्र के रहेरा गांव निवासी ओमप्रकाश अपनी पत्नी गीता (55 वर्ष) और एक अन्य महिला के साथ बाइक से कोसीकलां की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे जैसे ही उनकी बाइक नंदगांव रोड फ्लाईओवर पर पहुंची, पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने गीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश और दूसरी महिला को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Previous News

स्मैक तस्करों पर बड़ा प्रहार: पुलिस ने 3.20 करोड़ की अवैध संपत्ति की फ्रीज, पिता जेल में और बेटा फरार

Next News

शोरूम में घुसकर रोहताश राणा की सरेआम हत्या, हापुड़ के बलवीर मर्डर केस का था आरोपी