धर्मनगरी वृंदावन में गंगा दशहरा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
गंगा दशहरा के अवसर पर पवित्र स्नान का विशेष महत्व होने के कारण यमुना घाटों पर भी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यमुना महारानी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। घाटों पर पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और मंत्रोच्चार का माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यमुना के 6 प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोरों की 8 टीमें तैनात की गईं, जो लगातार घाटों और नदी क्षेत्र की निगरानी करती रहीं।
इसके अलावा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को सावधान करने के लिए चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा बल्लियां लगाई गईं। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थायी चेंजिंग रूम बनाए गए, वहीं किसी के बिछड़ने की स्थिति में सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किए गए।
सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। नगर निगम की टीमें पूरे दिन व्यवस्थाओं की निगरानी करती रहीं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।