मथुरा शहर में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। महापौर विनोद अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम द्वारा बीएसए रोड क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके तहत नए बस स्टैंड पंपिंग स्टेशन से आने वाली पाइपलाइन का विस्तार कर उसे बीएसए रोड होते हुए अंबाखार नाले तक जोड़ दिया गया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अब वर्षा के दौरान नए बस स्टैंड क्षेत्र और रेलवे अंडरपास से पंप किया गया पानी सीधे अंबाखार नाले तक पहुंचेगा। इससे पानी की निकासी तेज होगी और बीएसए रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या में काफी हद तक सुधार आने की उम्मीद है।
वहीं शहर के दूसरे प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्र भूतेश्वर अंडरपास को लेकर भी नगर निगम तेजी से काम कर रहा है। यहां वर्षा का पानी पंप के माध्यम से मसानी नाले तक पहुंचाने के लिए नई पाइपलाइन और पंपिंग स्टेशन विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि यह कार्य अगले एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाना है। इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि सड़कें जलमग्न न हों और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम का मानना है कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बीएसए रोड, नए बस स्टैंड, रेलवे अंडरपास और भूतेश्वर अंडरपास जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।