Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 23 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
राधारानी गौशाला के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार का आरोप, संस्थापक ने मांगी कार्रवाई

मांट। थाना क्षेत्र के गांव भद्रवन स्थित राधारानी गौशाला को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे कथित दुष्प्रचार का मामला सामने आया है। गौशाला के संस्थापक कृष्ण केशवदास ने आरोप लगाया है कि किसी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से उनकी गौशाला के खिलाफ झूठी, भ्रामक और तथ्यहीन पोस्टें वायरल की जा रही हैं, जिससे संस्था की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कृष्ण केशवदास ने कहा कि राधारानी गौशाला वर्षों से गौसेवा और सामाजिक कार्यों में जुटी हुई है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर गलत सूचनाएं फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल की जा रही पोस्टों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और यह पूरी तरह से गौशाला की छवि धूमिल करने की साजिश का हिस्सा है।

मामले को गंभीर बताते हुए उन्होंने मंगलवार को क्षेत्राधिकारी मांट अमरनाथ यादव को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा और फर्जी अकाउंट संचालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे इस दुष्प्रचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

वहीं, क्षेत्राधिकारी मांट अमरनाथ यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

पंजाब की महिलाओं को मिलेगा आर्थिक सहारा, 1 जुलाई से खातों में आएगी सहायता राशि

Next News

गंगा दशहरा के लिए मथुरा तैयार, घाटों से लेकर प्रमुख मार्गों तक चमकी स्वच्छता व्यवस्था