मथुरा में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला शहर के थाना हाईवे क्षेत्र का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक पान मसाला सेल्समैन की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 5 लाख 70 हजार रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पान मसाला कंपनी का सेल्समैन बाजार से वसूली कर नकदी लेकर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसका पीछा किया और मौका मिलते ही उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से सेल्समैन कुछ समझ पाता, उससे पहले बदमाश नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। ऐसी वारदातों में मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर लूट को अंजाम देने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को सेल्समैन के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस वारदात के बाद व्यापारियों और कारोबारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।