Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 17 Apr 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दलित किशोरी को नहीं मिल रहा न्याय, आरोपियों पर राजीनामे का दबाव

मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला राधे में दलित किशोरी के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के तीन दिन बाद भी पीड़िता को न्याय नहीं मिलने और आरोपियों द्वारा समझौते का दबाव बनाए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।

तीन दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला समेत चार लोग नाबालिग किशोरी को खेत में घसीट-घसीट कर लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे थे। वीडियो के आधार पर पुलिस ने संज्ञान तो लिया, लेकिन अब तक केवल एक आरोपी को ही हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों पर कार्रवाई न होने से सवाल उठ रहे हैं।

घायल किशोरी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस बीच पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष लगातार राजीनामे के लिए दबाव बना रहा है।

शुक्रवार को वाल्मीकि समाज के दर्जनों लोग अस्पताल पहुंचे और पीड़िता का हाल-चाल जाना। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता के अनुसार, वह घटना वाले दिन रोज की तरह बकरी चराने खेत पर गई थी, तभी गांव के नामजद लोगों ने उसके बाल पकड़कर खेत में घसीटा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

वहीं, उत्तर प्रदेश सफाई यूनियन संघ के वरिष्ठ नेता उत्तम चंद्र सहेजना ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें उचित न्याय नहीं मिल पा रहा।

अब यह मामला कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जिस पर प्रशासन की निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

Previous News

महावन तहसील के नगला महापत के अमन सोलंकी ने CBSE 10वीं में 99% अंक लाकर बढ़ाया मान

Next News

जमानत पर आए युवक की पेड़ पर लटकी मिली लाश, हत्या का आरोप