Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 22 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दो दिन चला सघन चेकिंग अभियान, 269 वाहनों के चालान; ओवरलोड और अवैध खनन पर भी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने यातायात पुलिस और खनन विभाग के सहयोग से जनपद मथुरा में दो दिवसीय सघन चेकिंग अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 20 और 21 जून को चले इस विशेष अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 97 चालान, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 25 चालान, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने पर 7 चालान तथा शराब या मादक पदार्थ के सेवन की स्थिति में वाहन चलाने पर 16 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा दोषपूर्ण अथवा एचएसआरपी नंबर प्लेट न होने पर 52 और नो पार्किंग के उल्लंघन में 44 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों पर संचालित बसों की भी आकस्मिक जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 17 बसों के चालान कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वहीं खनन विभाग के साथ संयुक्त अभियान में अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों की भी जांच की गई। ओवरलोडिंग और बिना वैध दस्तावेजों के संचालन करने वाले 11 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 2 लाख 84 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया।

वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह सड़क पर चल रहे लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है।

Previous News

तालाब निर्माण को लेकर बवाल, बंजर भूमि पर कार्य कराने के आरोप में ग्रामीणों का प्रदर्शन

Next News

लखनऊ अग्निकांड में छह लोगों की मौत, जान बचाने को छत से कूदे कई लोग