Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 22 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अधिक मास के बाद व्यवस्था सुधार पर मंथन, वृंदावन सिविल सोसाइटी ने उठाए जनहित के मुद्दे

अधिक मास के दौरान चलाए गए श्रमदान अभियान के उपरांत रविवार को वृंदावन सिविल सोसाइटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। परिक्रमा मार्ग स्थित जितेंद्र सिंह राणा के फार्म हाउस पर हुई इस बैठक में कोर कमेटी एवं साधारण सभा के सदस्यों ने नगर की यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर कुछ क्षेत्रों में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन अभी भी कई समस्याएं समाधान की प्रतीक्षा में हैं। विशेष रूप से वृंदावन की यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की गई।

सदस्यों ने बताया कि नगर निगम में करीब 2700 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं, ऐसे में शहर के भीतर टेंपो के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बैठक में सुझाव दिया गया कि सभी ई-रिक्शा और सार्वजनिक वाहन केवल निर्धारित वाहन स्टैंडों पर ही खड़े किए जाएं। इससे शहर की सड़कों और गलियों में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी।

इसके अलावा फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों को परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। प्रशासन से नियमित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन एवं नागरिकों के संयुक्त प्रयासों पर बल दिया तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने का संकल्प लिया।

Previous News

ग्राम सचिव पर लगे अनियमितताओं के आरोप, मुख्य विकास अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

Next News

बर्मन हॉस्पिटल में महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप