महाराष्ट्र के कोंकण तट और गुजरात के सूरत स्थित समुद्री इलाकों में समुद्र का पानी अचानक सैकड़ों फीट पीछे हटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई स्थानों पर समुद्र का पानी करीब 1000 फीट तक पीछे चला गया, जिससे लोगों के बीच सुनामी और प्राकृतिक आपदा को लेकर आशंका पैदा हो गई।
हालांकि विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि यह कोई सुनामी या बड़े खतरे का संकेत नहीं है। यह घटना समुद्र में आने वाली अत्यधिक ओहोटी, मौसम में बदलाव और मानसून पूर्व तेज हवाओं के कारण हुई है। इन परिस्थितियों में समुद्र का पानी सामान्य से अधिक पीछे चला जाता है और समुद्र तट पर रेत के बड़े हिस्से दिखाई देने लगते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग और कोंकण क्षेत्र के कई समुद्र तटों पर भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। वहीं सूरत के डुमस बीच पर पहुंचे पर्यटक समुद्र का पानी पीछे हटता देख हैरान रह गए और बड़ी संख्या में लोग इस दुर्लभ नजारे को देखने पहुंच गए।
विशेषज्ञों का कहना है कि समुद्र में इस प्रकार का बदलाव प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे सुनामी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।