बॉलीवुड अभिनेता Pankaj Tripathi के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर बिहार के गोपालगंज जिले में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गोपालगंज के बेलसंड गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को हमले की वजह बताया जा रहा है। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की और मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।