Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 22 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
2 साल से लापता नाबालिग का आया फोन! बोली- 'ताजमहल के पास फंसी हूं, मुझे बचा लो'

आगरा से एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पश्चिम बंगाल की रहने वाली करीब दो साल से लापता नाबालिग बेटी के अचानक आए एक फोन कॉल ने परिवार की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है। जिस बेटी की तलाश में परिवार पिछले दो वर्षों से दर-दर भटक रहा था, उसके अचानक संपर्क करने की खबर ने परिजनों को भावुक कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, नाबालिग ने एक अज्ञात मोबाइल नंबर से अपने मामा के फोन पर कॉल किया और बताया कि वह आगरा में ताजमहल के आसपास किसी स्थान पर फंसी हुई है। उसने परिवार से जल्द से जल्द उसे बचाने की गुहार लगाई। फोन कॉल के दौरान बच्ची की आवाज घबराई हुई बताई जा रही है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।

फोन मिलते ही परिवार बिना समय गंवाए पश्चिम बंगाल से आगरा के लिए रवाना हो गया। आगरा पहुंचकर परिजनों ने थाना ताजगंज पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी पिछले दो साल से लापता है और अब अचानक उसके फोन आने से उन्हें उम्मीद जगी है कि वह जीवित है और किसी मुश्किल परिस्थिति में फंसी हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। एसीपी ताज सुरक्षा के निर्देश पर जिस नंबर से कॉल की गई थी, उसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल्स, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

इसके साथ ही ताजमहल और आसपास के इलाकों में संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

वहीं नाबालिग की मां झरना बीबी ने प्रशासन और पुलिस से बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित खोज निकालने की मांग की है। मां का कहना है कि पिछले दो वर्षों से पूरा परिवार बेटी की तलाश में परेशान है और अब यह फोन कॉल उनके लिए उम्मीद की आखिरी किरण बनकर सामने आई है।

Previous News

आगरा में फायरिंग! परचून दुकानदार को मारी गोली, घायल हालत में बदमाशों के पीछे दौड़ा पीड़ित

Next News

25 हजार का इनामी सुखवीर फौजी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार! दोनों पैरों में लगी गोली, हत्या के बाद था फरार