मथुरा के मांट विधायक राजेश चौधरी के काफिले की सुरक्षा में लगी एस्कॉर्ट बुलेरो रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जेवर क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक को बचाने के प्रयास में बुलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी फेंसिंग से जा टकराई।
हादसे में वाहन में सवार पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना के बाद एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घबराहट और तनाव के चलते उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
घटना के समय विधायक राजेश चौधरी जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान पकड़ने जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक ने तुरंत वाहन रुकवाया और सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद गंभीर हालत में एसआई राजेंद्र सिंह यादव को तत्काल नोएडा के कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव मूल रूप से जनपद एटा के निवासी थे और उनकी सेवानिवृत्ति में महज दो महीने का समय शेष था। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।