Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 20 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सड़क हादसे ने छीनी जिंदगी: गौरी गोपाल आश्रम के सिक्योरिटी गार्ड की इलाज के दौरान मौत

वृंदावन स्थित गौरी गोपाल आश्रम में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत एक युवक की सड़क दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान राया थाना क्षेत्र निवासी प्रहलाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रहलाद बीते 15 जून को अपने घर का आवश्यक सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रहलाद को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मथुरा के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां लगातार उनका इलाज चलता रहा।

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के भाई देवेंद्र सिंह और विनोद कुमार ने बताया कि डॉक्टरों ने जांच में पाया था कि दुर्घटना के कारण प्रहलाद की रीढ़ की हड्डी की नसों को गंभीर क्षति पहुंची थी। परिवार ने उनकी जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया और इलाज पर काफी खर्च भी किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद प्रहलाद ने आखिरकार दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

देवर-भाभी प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, आगरा में खौफनाक वारदात का खुलासा

Next News

राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना की मांग तेज, संगठन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन