नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) एवं ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 34वें पत्रकारिता दिवस समारोह में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, बदलते स्वरूप और भविष्य को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि आज पत्रकारों के सामने अपनी विश्वसनीयता और साख को बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी तथा मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान पत्रकारिता का इतिहास स्वर्णिम रहा है, लेकिन वर्तमान समय में पत्रकारों को कई नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को ईमानदारी, निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने तथा ब्रज प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि वह स्वयं ब्रज की बेटी हैं और ब्रज के पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ी हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपनी खबरों में ब्रजभाषा के समावेश की अपील करते हुए महिलाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव के कारण पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने पत्रकारों से आत्ममंथन और आत्ममूल्यांकन करने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान बार-बार बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए देशभर में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने पत्रकारों की समाजहित में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की, जबकि एसएसपी श्लोक कुमार ने पत्रकारों को समाज का दर्पण बताया।
कार्यक्रम में ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु ने प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। अंत में सभी अतिथियों और पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।