Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 18 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में गरजे जयंत चौधरी, किसानों और युवाओं को दिया बड़ा संदेश

मथुरा के मांट विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला गढ़ बम्बा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, युवा और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। जनता यदि अपनी शक्ति को पहचान ले तो सरकारों को भी उसकी बात माननी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने और बदलने का अधिकार जनता के पास है, इसलिए लोगों को अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मछली पालन परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहे हैं।

धनगर समाज के आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की भी इच्छा थी कि धनगर समाज को उसका अधिकार मिले। राष्ट्रीय लोकदल इस मांग को लगातार सड़क से लेकर संसद तक उठाता रहा है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उठाता रहेगा।

समारोह के दौरान ग्रामीण उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने की नई पहल भी शुरू की गई। युवा स्टार्टअप उद्यमी रजत वर्धन और प्रदीप राउत ने कृषि क्षेत्र से जुड़े अपने नवाचारों का प्रदर्शन किया। जयंत चौधरी ने कहा कि खेती और तकनीक को जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे और भविष्य में ऐसे नवाचारों को और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने खाद की उपलब्धता को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की। इस पर जयंत चौधरी ने कहा कि वह किसानों की समस्याओं को समझते हैं और इस दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

भीषण गर्मी के बावजूद कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। पंडाल में भारी भीड़ उमड़ी और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर एमएलसी योगेश नौहवार, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद महासचिव यशपाल बघेल, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष ब्रजेश चाहर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर सवाल पूछा गया तो जयंत चौधरी ने किसी भी राजनीतिक टिप्पणी से बचते हुए कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका निभा रहा है और वह अपना कार्य कर रहा है।

Previous News

मथुरा में बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश, 4 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर गिरफ्तार

Next News

अलीगढ़ पुलिस का बड़ा कारनामा: 242 खोए मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान