मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा नगर चौकी अंतर्गत हैंडपंप वाली गली निवासी एक महिला ने मोहल्ले के कुछ दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट और पथराव करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित महिला शमीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कुछ समय पूर्व मोहल्ले के दबंगों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की थी तथा पथराव भी किया था। घटना में उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचा, लेकिन स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
महिला का कहना है कि कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार उसके परिवार को परेशान कर रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि दबंग उसे और उसके परिजनों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां भी दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
न्याय की मांग को लेकर पीड़िता एक बार फिर पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पहुंची और मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही उसने अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई है।
पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।