अधिक मास के समापन और सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर मथुरा के प्राचीन ठाकुर केशव देव मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किए गए। फूल बंगला, भजन संध्या और आकर्षक सजावट के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
अधिक मास के दौरान पूरे ब्रजमंडल में धार्मिक आयोजनों की धूम रही और लाखों श्रद्धालुओं ने ब्रज परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। अधिक मास के समापन अवसर पर विभिन्न मंदिरों में फूल बंगला, छप्पन भोग और विशाल भंडारों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीप मलपुरा स्थित प्राचीन ठाकुर केशव देव मंदिर में सोमवती अमावस्या के अवसर पर भव्य फूल बंगला सजाया गया। मंदिर को देशी-विदेशी फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से इस प्रकार सजाया गया कि पूरा परिसर दुल्हन की तरह सजा हुआ दिखाई दिया। मनमोहक सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
वहीं श्रीकृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण के मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु भक्त झूमते नजर आए। देर रात तक भक्ति संगीत और संकीर्तन की गूंज मंदिर परिसर में सुनाई देती रही।
मंदिर पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे अधिक मास के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर फूल बंगला और भजन संध्या का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।