Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 16 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, ससुराल में बेड पर मिला शव; मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

मथुरा के थाना फरह क्षेत्र के एक गांव में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 32 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर में बेड पर पड़ा मिला। घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।


थाना फरह क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब 32 वर्षीय विवाहिता विनीता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

बताया जा रहा है कि इस घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक युवती अपनी खुली हुई भैंस को खोजते हुए विनीता के घर पहुंची। घर के अंदर पहुंचने पर उसने विनीता को बेड पर बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। काफी प्रयास के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आसपास के लोगों को बुलाया गया, जहां पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

मृतका के परिजनों के अनुसार विनीता की शादी वर्ष 2012 में फरह निवासी सूरजपाल के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। घटना के बाद पति सूरजपाल समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं। आरोप है कि वे अपने साथ मृतका के दो मासूम बच्चों को भी ले गए हैं, जबकि एक बच्चा पहले से ननिहाल में रह रहा था।

मायके पक्ष ने पूरे मामले में हत्या की आशंका जताई है। वहीं, घर में महिला का शव मिलने और ससुराल पक्ष के गायब होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

ई-रजिस्ट्री के विरोध में मांट तहसील में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, भूख हड़ताल की चेतावनी

Next News

सीट नहीं मिली तो ट्रेन में बम की फैला दी अफवाह! एक यात्री की हरकत से मचा हड़कंप