Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 12 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अब मदिरा की हर बोतल बताएगी अपनी पहचान, यूपी में QR कोड सुविधा शुरू

मथुरा। उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग ने मदिरा की बिक्री में पारदर्शिता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को नकली व अवैध शराब से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब प्रदेश में बिकने वाली मदिरा की बोतलों पर QR कोड सुविधा शुरू कर दी गई है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता बोतल की वैधता और उससे जुड़ी पूरी जानकारी अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे।

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा विकसित UP Excise Citizen App के जरिए उपभोक्ता मदिरा की बोतल पर अंकित QR कोड को स्कैन कर उसकी एमआरपी, ब्रांड नाम, बैच नंबर, निर्माण संबंधी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण विवरण आसानी से देख सकेंगे। इससे उपभोक्ताओं को असली और नकली उत्पाद की पहचान करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि यह ऐप एंड्रॉयड प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। ऐप का उद्देश्य मदिरा बिक्री प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षा प्रदान करना है। QR कोड स्कैन कर उपभोक्ता यह भी सुनिश्चित कर सकेंगे कि उनके द्वारा खरीदी गई मदिरा अधिकृत और वैध है।

आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ भी लोगों से सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो वह विभाग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 14405 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस नई व्यवस्था से न केवल नकली शराब के कारोबार पर अंकुश लगेगा, बल्कि उपभोक्ताओं का विश्वास भी मजबूत होगा।

QR कोड आधारित यह सुविधा प्रदेश में मदिरा बिक्री व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Previous News

खेत से लौट रहे युवक पर गिरी आकाशीय बिजली, 18 वर्षीय अंशुल यादव की दर्दनाक मौत

Next News

ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी सफलता: सुरीर के दो हत्यारोपियों को उम्रकैद, 50-50 हजार का जुर्माना