Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 12 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन परिक्रमा से लौट रहे दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा, एक की मौत से मचा कोहराम

मथुरा। श्रद्धा और भक्ति से शुरू हुई यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट के समीप गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में वृंदावन परिक्रमा कर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, राया के मांट रोड निवासी लोकेंद्र उर्फ लकी और उसका मित्र श्याम सुंदर बुधवार देर रात बाइक से वृंदावन परिक्रमा देने गए थे। दोनों तड़के करीब साढ़े तीन बजे परिक्रमा पूरी कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट के पास उनकी बाइक को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में लोकेंद्र उर्फ लकी को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि श्याम सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

युवा बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Previous News

MAAsterG ने विनोद अग्रवाल जी के 71वें जन्मोत्सव समारोह में दिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन

Next News

आवाज उठाओ, जाम हटाओ: वृंदावन को जाम मुक्त बनाने के लिए जनआंदोलन की शुरुआत