Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 06 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बरसाना में अवैध खनन पकड़ने पहुंची पुलिस से भिड़ा आरोपी गिरफ्तार, सरकारी काम में डाली थी बाधा

मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरजपाल पुत्र सुघड़ सिंह निवासी ग्राम कमई के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कमई और करहला के बीच स्थित गौशाला के पास अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अवैध खनन एवं मिट्टी ढुलाई करते हुए पकड़ा। इसके बाद खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर सभी वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया गया।

आरोप है कि जब पुलिस सीज किए गए वाहनों को लेकर थाने जा रही थी, तभी करहला गौशाला के पास सूरजपाल और उसका साथी लखन सिंह मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवा लिया। दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और फोन कर अन्य लोगों को भी बुला लिया।

पुलिस का कहना है कि अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बावजूद आरोपियों ने हंगामा किया और अपने साथियों के साथ मिलकर उपनिरीक्षक मदन सिंह को धक्का देकर गिरा दिया। इतना ही नहीं, पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बरसाना में सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरजपाल को उसके गांव कमई से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

विपिन हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में आरोपी फैज़ान गिरफ्तार, साथी ज़ैद फरार

Next News

नशे में धुत युवक ने भूतेश्वर अखाड़े पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पहलवानों में मची भगदड़