Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 05 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
सूखे पेड़ों को पानी पिलाने निकले पर्यावरणविद् बंशीधर अग्रवाल, बोले- यही सबसे बड़ा पुण्य का काम

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मथुरा के प्रसिद्ध पर्यावरणविद्, गहवर वन बचाओ आंदोलन के प्रणेता एवं योगाचार्य बंशीधर अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने अपने परिवार और सहयोगियों के साथ मिलकर सूखते हुए वृक्षों को पानी पिलाने का अभियान चलाया और लोगों से भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की।

बंशीधर अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी और 45 से 50 डिग्री तापमान के बीच वृक्षों को पानी देना आज सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि वृक्ष नहीं बचेंगे तो मानव जीवन भी संकट में पड़ जाएगा, क्योंकि वृक्ष ही हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जून माह के दौरान अपने आसपास के सूखे और प्यासे वृक्षों को नियमित रूप से पानी दें।

इस अभियान में उनके साथ श्रीमती रानी अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, निका अग्रवाल, शोभा और सुमित अग्रवाल सहित परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। सभी ने कैन, पाइप और बाल्टियों की मदद से वृक्षों को पानी देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पर्यावरणविद् बंशीधर अग्रवाल ने पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में वह पेड़ों पर रस्सियों की सहायता से मिट्टी के बर्तन टांगकर उनमें प्रतिदिन पानी भरते हैं, ताकि प्यासे पक्षियों को राहत मिल सके। उन्होंने लोगों से भी अपने घरों, छतों और आसपास के स्थानों पर पानी के बर्तन रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बच्चों की तरह पालना और उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उनका मानना है कि "एक वृक्ष लगाकर उसका पालन-पोषण करना सौ पुत्रों के पालन के बराबर पुण्य का कार्य है।"

बंशीधर अग्रवाल ने लोगों से जुलाई और अगस्त में अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा कम से कम दो वर्षों तक उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि देश का हर नागरिक एक वृक्ष लगाकर उसे संरक्षित करे, तो पर्यावरण, जल संकट और प्रदूषण जैसी अनेक समस्याओं का समाधान संभव है।

Previous News

ओंकार त्यागी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 50 हजार का इनामी मोहित गिरफ्तार

Next News

महोली रोड पर भाजपा का ‘ग्रीन मिशन’, नितिन कौशिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लगाए पौधे