गाजियाबाद के चर्चित सूर्य चौहान हत्याकांड के बाद इलाके में हालात सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घटना के बाद पड़ने वाले पहले जुम्मे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार खोड़ा और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और खुफिया इकाइयों को लगाया गया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की अफवाह, सांप्रदायिक तनाव या कानून-व्यवस्था की समस्या को रोकना है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि 17 वर्षीय सूर्य प्रताप चौहान की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले में मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
इस बीच प्रशासन ने इलाके के हिस्ट्रीशीटरों और गैंगस्टरों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार 45 गैंगस्टर और 37 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर हैं। साथ ही अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।